विधान सभा चुनाव: भाजपा में दम है तो नीतीश को मुख्यमंत्री के रूप में करें घोषणा!- प्रशांत
पूर्वी चंपारण में बोले प्रशांत किशोर — नीतीश को मुख्यमंत्री बना BJP ने बिहार पर किया अन्याय, PM और शाह को दी खुली चुनौती!
/// जगत दर्शन न्यूज
मोतिहारी, 31 मई —
जन सुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पूर्वी चंपारण के दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। एक प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को खुली चुनौती देते हुए पूछा कि अगर भाजपा में साहस है तो वे स्पष्ट करें कि आगामी चुनाव जीतने के बाद भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे या नहीं।
प्रशांत किशोर ने कहा, "अगर प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह में दम है, तो वे साफ कहें कि NDA की जीत के बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे। महाराष्ट्र में भी ऐसा ही हुआ था — चुनाव में एकनाथ शिंदे का चेहरा आगे किया गया और नतीजों के बाद भाजपा ने अपनी पार्टी के नेता को मुख्यमंत्री बना दिया। क्या बिहार में भी ऐसा ही होगा?"
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मानसिक और शारीरिक स्थिति पर भी सवाल उठाया। किशोर ने कहा, “एक सिपाही बनने के लिए भी फिटनेस टेस्ट देना पड़ता है, लेकिन मुख्यमंत्री की हालत ऐसी है कि उन्हें मंच से प्रधानमंत्री का नाम तक याद नहीं रहता। कभी अधिकारी के सिर पर गमला रखते हैं, तो कभी राष्ट्रगान के बीच ताली बजा देते हैं। ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा ने बिहार की 13 करोड़ जनता पर अन्याय किया है।”
प्रशांत किशोर ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी चिंता जताते हुए कहा कि बिहार में हर दिन हत्याएं हो रही हैं लेकिन मुख्यमंत्री की ओर से कोई सख्त कदम या समीक्षा बैठक तक नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि जन सुराज लगातार यह मांग कर रहा है कि मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य और क्षमता को लेकर जनता को स्पष्ट जानकारी दी जाए।
प्रशांत किशोर के इन बयानों से बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है और आगामी चुनावों से पहले भाजपा को जनता के समक्ष अपना रुख स्पष्ट करना पड़ सकता है।