जनगणना 2026 की तैयारियां शुरू: केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी जनगणना तिथि!
/// जगत दर्शन न्यूज
नई दिल्ली, 16 जून 2025
भारत सरकार ने जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत देश में अगली जनगणना के आयोजन के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। सोमवार को गृह मंत्रालय की ओर से जारी गजट नोटिफिकेशन के मुताबिक, जनगणना 2026 के पहले चरण की प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से आधी रात 00:00 बजे से शुरू की जाएगी।
क्या कहा गया है अधिसूचना में?
गजट अधिसूचना संख्या 2681 (अ) के अनुसार, केंद्र सरकार ने 28 मार्च 2019 को जारी अपनी अधिसूचना संख्या 1455 (अ) को अधिस्थगित करते हुए, नई तिथि की घोषणा की है। उस अधिसूचना के तहत 2021 की जनगणना की तैयारी होनी थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे स्थगित करना पड़ा था। अब वर्ष 2026 को देश की अगली जनगणना का वर्ष घोषित किया गया है।
किन राज्यों का विशेष उल्लेख?
अधिसूचना में विशेष रूप से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कठिन हिमालयीय क्षेत्रों का उल्लेख किया गया है। इन क्षेत्रों में भौगोलिक कठिनाइयों को देखते हुए, जनगणना 1 अक्टूबर 2026 से आधी रात 00:00 बजे से शुरू की जाएगी।
महत्वपूर्ण तथ्य:
जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 3 के तहत यह अधिकार केंद्र सरकार को प्राप्त है। अधिसूचना गृह मंत्रालय के जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी की गई। अधिसूचना पर हस्ताक्षर गृह मंत्रालय के उप सचिव मृदुलेश कुमार नारायण के हैं। 2011 के बाद से अब तक भारत में कोई पूर्ण जनगणना नहीं हुई है। 2021 की प्रस्तावित जनगणना महामारी के चलते कई बार टली। अब जाकर केंद्र सरकार ने 2026 की जनगणना की औपचारिक शुरुआत का ऐलान किया है। भारत के लिए यह एक ऐतिहासिक प्रक्रिया होगी, जो देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय तस्वीर को एक बार फिर से स्पष्ट करेगी। सरकार, नीति आयोग और तमाम योजनाएं इसी आंकड़ों के आधार पर दिशा तय करेंगी।