स्त्री शक्ति संगठन का मिलन समारोह संपन्न, महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर हुआ विचार-विमर्श
नई दिल्ली: संवाददाता प्रेरणा बुड़ाकोटी: स्त्री शक्ति संगठन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को लेकर एक विशेष मिलन समारोह का आयोजन राजधानी दिल्ली में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता किड्स पैराडाइज बाल विद्यालय की संचालिका पूजा मलिक ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में संगठन की राष्ट्रीय प्रवक्ता मिंटू शर्मा उपस्थित रहीं। मंच संचालन कंचन मखीजा ने और मीडिया समन्वय का दायित्व आशा विजय विभोर ने निभाया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्लेन क्रैश में मारे गए नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद संगठन की गतिविधियों, उद्देश्यों और भविष्य की दिशा पर विचार-विमर्श हुआ। इस मौके पर बृजबाला, राज मोहिनी, सुमन जाजू और संगठन के सलाहकार पवन गहलोत ने संगठन के मिशन और विजन पर अपने विचार साझा किए।
संगठन की अध्यक्ष ममता शर्मा ने संगठन की स्थापना, उद्देश्य और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक स्त्री ही खुद को सबल कह सकती है और देश के विकास में भागीदार बन सकती है। उन्होंने कहा कि “एक सबल स्त्री से सबल परिवार, समाज और देश का निर्माण संभव है।”
ममता शर्मा ने बताया कि संगठन देश की हर स्त्री को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के मिशन पर युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है। इसमें शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, वैधानिक और साइबर सुरक्षा शामिल है। उन्होंने कहा कि संगठन आत्मरक्षा अभियान के तहत शिविरों का आयोजन कर रहा है, जिसमें बालिकाओं और महिलाओं को लाइफ स्किल और सोशल स्किल्स की ट्रेनिंग दी जाती है।
संगठन डिजिटल इंडिया अभियान, हैंडीक्राफ्ट प्रशिक्षण और महिला उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में भी सक्रिय है। इसका विजन है कि महिलाएं देश की आर्थिक, प्रशासनिक, सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था में बराबर की भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर अंजू खुराना, वंदना वर्मा, राज ख्यालिया, पूजा, स्वाती और सोनिया सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्त्री शक्ति संगठन के प्रति समर्पण और महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।