सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वांछित नक्सली जितेन्द्र राम उर्फ अतुल गिरफ्तार!
सारण (बिहार): सारण जिले में सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। दरियापुर थाना क्षेत्र के डीही सिरोमन गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर वांछित नक्सली जितेन्द्र राम उर्फ अतुल को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की यह कार्रवाई दरियापुर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार जितेन्द्र राम दरियापुर थाना कांड संख्या 151/18, दिनांक 28.05.2018 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 385, 386, 387 तथा CLA एक्ट की धारा 17 के मामले में फरार चल रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास लंबा है। उस पर दरियापुर, डेरनी और मकेर थानों में रंगदारी, हत्या, विस्फोटक अधिनियम और CLA व यूएपीए जैसे गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त जितेन्द्र राम उर्फ अतुल, बहारन राम का पुत्र है और मकेर थाना क्षेत्र के डीही सिरोमन गांव का निवासी है। उसके विरुद्ध वर्ष 2009 से लेकर 2021 तक कई संगीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज है, जिनमें हत्या और हथियारों से संबंधित गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर लगातार चलाए जा रहे छापामारी अभियान में यह एक महत्वपूर्ण गिरफ्तारी मानी जा रही है। छापेमारी दल में दरियापुर थाना के थानाध्यक्ष, अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ-साथ जिला आसूचना इकाई के सदस्य भी शामिल थे। सारण पुलिस ने बताया कि आगे भी ऐसे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा और जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कठोर कार्रवाई की जाएगी।