आयोजित जनता दरबार में जमीन विवाद से जुड़े 17 मामलों का हुआ निपटारा!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): जिले के सिसवन, रघुनाथपुर और मैरवा थाना परिसरों में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों ने जमीन से जुड़े विवादों पर सुनवाई करते हुए कुल 17 मामलों का समाधान कराया।
रघुनाथपुर थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष ने आठ भूमि विवादों पर सुनवाई की और विवादित पक्षों को समझा-बुझाकर समाधान कराया। अंचल कर्मियों ने बताया कि यह सभी मामले पूर्व से लंबित थे, जिन्हें दोनों पक्षों को बुलाकर शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाया गया।
इसी प्रकार सिसवन थाना परिसर में अंचलाधिकारी पंकज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े छह मामलों को आपसी सहमति से सुलझाया गया। अंचलाधिकारी ने बताया कि सभी मामलों में कागजातों की जांच कर दोनों पक्षों की उपस्थिति में निष्पक्ष समाधान किया गया।
वहीं, मैरवा थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में तीन भूमि विवादों का निपटारा किया गया। इस दरबार में अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। जनता दरबार में लोगों की पारिवारिक समस्याओं को भी सुना गया और समाधान की दिशा में त्वरित पहल की गई।
इन जनता दरबारों में अधिकारियों की सक्रियता और त्वरित निर्णय क्षमता को देखते हुए आम लोगों में संतोष देखा गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन को न्याय मिल सके और विवादों का समय पर निपटारा हो।