सिसवन में जनता दरबार का आयोजन, अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने सुनीं लोगों की समस्याएं!
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को प्रखंड स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।
जनता दरबार में लगभग आधा दर्जन से अधिक लोगों ने अपने-अपने आवेदन अंचलाधिकारी को सौंपे। भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, आवासीय पट्टा तथा राजस्व संबंधित समस्याएं मुख्य रूप से सामने आईं। अंचलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की बात को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागीय कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य है आम लोगों की समस्याओं को सीधे तौर पर सुनना और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना। उन्होंने कहा कि लोगों को बेवजह कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए वे स्वयं हर हफ्ते लोगों से प्रत्यक्ष संवाद करते रहेंगे।
जनता दरबार में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत थी कि लोग अंचलाधिकारी के कामकाज और उनके समाधानपरक रवैये पर भरोसा कर रहे हैं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी अंचलाधिकारी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार का संवाद ग्रामीणों को न केवल राहत देता है, बल्कि प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ाता है। जनता दरबार में अंचल कार्यालय के कई कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।