पूर्व भाजपा प्रत्याशी देव कुमार सिंह ने थामा जन सुराज का दामन, प्रशांत किशोर की मौजूदगी में हुए शामिल!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता संजय कुमार सिंह: सारण की सियासत में शनिवार को एक नया मोड़ तब आया जब वरिष्ठ लोजपा नेता एवं पूर्व भाजपा प्रत्याशी देव कुमार सिंह ने जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया। प्रशांत किशोर की मौजूदगी में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके शामिल होने को जन सुराज के लिए एक अहम राजनीतिक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
देव कुमार सिंह के जन सुराज में शामिल होने को सारण में पार्टी के विस्तार और प्रभाव के लिहाज से एक बड़ा कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इससे पार्टी को विशेष रूप से एकमा विधानसभा क्षेत्र में बड़ा जनाधार मिलेगा।
श्री सिंह के पुत्र विकास सिंह, जो जन सुराज के सक्रिय युवा नेता और एकमा सीट से संभावित उम्मीदवार माने जा रहे हैं, के राजनीतिक कद को भी इससे बल मिलेगा। माना जा रहा है कि पिता-पुत्र की इस राजनीतिक एकजुटता से क्षेत्रीय राजनीति में जन सुराज की पकड़ और भी मजबूत होगी।
इस अवसर पर जन सुराज के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देव कुमार सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया और पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विश्वास जताया कि देव कुमार सिंह के अनुभव और जनसंपर्क से संगठन को नई गति मिलेगी।