गिरिराज सिंह ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां, कहा – "11 साल बेमिसाल"
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले सिवान पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को जिला अतिथिगृह में आयोजित प्रेस वार्ता में मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को बयां किया। उन्होंने कहा कि यह सरकार "उम्मीद की सरकार" है, जबकि यूपीए सरकार हमेशा विवादों से घिरी रहती थी।
गिरिराज सिंह ने दावा किया कि मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में गरीबों के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि अब तक 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया गया है। साथ ही 5 करोड़ से अधिक लोगों को आवास, 12 करोड़ से अधिक परिवारों को शौचालय और करोड़ों नागरिकों को मुफ्त राशन व दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि यह सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर चल रही है और आने वाला समय भारत को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाएगा। उन्होंने सिवानवासियों से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील भी की।