पदोन्नत होकर अपने ही विद्यालय में योगदान देने पहुंचे प्रधानाध्यापक विनोद शुक्ला, हुआ भव्य स्वागत!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): भगवानपुरहाट प्रखंड के राजकीयकृत मध्य विद्यालय ब्रह्मस्थान में पदोन्नत होकर योगदान देने पहुंचे प्रधानाध्यापक विनोद शुक्ला का विद्यालय परिवार की ओर से भव्य स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि शुक्ला सर इसी विद्यालय के वरिय शिक्षक रह चुके हैं। उनका स्थानांतरण पिछले वर्ष उत्क्रमित मध्य विद्यालय मकतब (उर्दू), बड़कागांव भगवानपुरहाट में हो गया था। अब पदोन्नति के बाद जब वे पुनः अपने पुराने विद्यालय में प्रधानाध्यापक के रूप में लौटे, तो विद्यालय परिवार ने उन्हें विशेष सम्मान देने की तैयारी पहले से ही शुरू कर दी थी।
उनके स्वागत में विद्यालय परिसर को सजाया गया था। छात्र-छात्राओं ने रंगोली बनाई और लाल कारपेट बिछाकर उनका इंतजार किया। जैसे ही शुक्ला सर की गाड़ी विद्यालय परिसर में पहुंची, बच्चों ने ढोल-नगाड़े की धुन पर पुष्पवर्षा करते हुए उनका स्वागत किया। प्रभारी प्रधानाध्यापक विनय प्रताप सिंह और वरिय शिक्षक इम्तियाज अहमद ने उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया, वहीं छात्र-छात्राओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके चरण छूकर अपनी खुशी जाहिर की।
विद्यालय परिसर में आज उत्सव का सा माहौल था। बच्चों से लेकर ग्रामीणों तक सभी के चेहरे पर प्रिय शिक्षक की वापसी की खुशी स्पष्ट झलक रही थी। इस अवसर पर शिक्षक संजय कुमार, तनवीरुल होदा, शिक्षिकाएं बबीता कुमारी, पुष्पा कुमारी सहित समाजसेवी डॉक्टर धर्मेंद्र श्रीवास्तव, झमन यादव, अवधेश सिंह, रामअयोध्या सिंह समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।