राजस्व न्यायालयों और नीलाम पत्र वादों के निष्पादन को लेकर सारण में समीक्षात्मक बैठक आयोजित!
/// जगत दर्शन न्यूज
छपरा, 30 मई 2025
राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों और नीलाम पत्र से संबंधित प्रकरणों के निष्पादन को लेकर आज सारण जिला मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्री प्रेम सिंह मीणा, भा.प्र.से., माननीय अपर सदस्य, राजस्व पर्षद, बिहार, पटना ने की।
इस बैठक में जिलाधिकारी सारण, अपर समाहर्त्ता, नगर आयुक्त छपरा, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी, उप समाहर्ता (भूमि सुधार), प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और नीलाम पत्र पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान श्री मीणा ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि BNSS (बिहार नवीन सिविल संहिता) की सभी धाराओं, विशेषकर धारा 144 से जुड़े सभी वादों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी उप समाहर्ताओं, भूमि सुधार पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व से जुड़े वादों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जाए तथा अनावश्यक रूप से आवेदनों को अस्वीकृत न किया जाए।
साथ ही, नीलाम पत्र पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर संबंधित बैंकों से बैठक कर पंजी-9 और पंजी-10 का मिलान कर प्राप्त वादों की वास्तविक संख्या निर्धारित करने और विशेष रूप से पुराने वादों की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर BW (बंधपत्र वारंट) की कार्रवाई और बकाया राशि की वसूली हेतु DW (डिमांड वारंट) की प्रक्रिया को भी प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा।
यह बैठक राजस्व प्रशासन को अधिक पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है।