करंट लगने से बिजलीकर्मी गंभीर रूप से घायल, आपसी विवाद में दो लोग जख्मी!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के सरौत गांव में शुक्रवार को बिजली के लिए काम कर रहे एक कर्मी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के आमढाड़ी गांव निवासी सावलिया सिंह के पुत्र हरेराम सिंह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, हरेराम सिंह बिजली का सामान लेकर कार्य स्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी गाड़ी में भी करंट फैल गया। गाड़ी पर मौजूद दो अन्य कर्मियों ने कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि हरेराम सिंह का पैर फंस जाने के कारण वह समय पर नहीं उतर सके और गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वहीं दूसरी घटना सिसवन थाना क्षेत्र के सुवही गांव की है, जहां आपसी विवाद में मारपीट हो गई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए, जिनकी पहचान शैलेंद्र महतो के पुत्र करण कुमार और सुरेंद्र राम के पुत्र पिंटू कुमार राम के रूप में हुई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्वास्थ्य कर्मियों ने शुक्रवार को इन दोनों घटनाओं की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।