महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित, योजनाओं की दी गई जानकारी!
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के भगवानपुर गांव में बुधवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया और अपने अनुभवों एवं विचारों को साझा किया।
इस मौके पर सिसवन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उमेश कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में सतत जीविकोपार्जन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई), नल जल योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मनरेगा, पेंशन योजना और कन्या उत्थान योजना जैसी कई सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
महिलाओं ने बताया कि कैसे इन योजनाओं से उन्हें लाभ मिला है और वे आत्मनिर्भर बनकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। कुछ महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि अब वे न सिर्फ आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं, बल्कि समाज में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन पर वीडियो के माध्यम से सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। इन वीडियो ने महिलाओं को योजनाओं के लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ और महिलाओं ने इस प्रकार के आयोजनों को नियमित रूप से करने की मांग की।