जिला पदाधिकारी ने समाहरणालय के विभिन्न विभागों का किया औचक निरीक्षण!
सिवान (बिहार): जिला पदाधिकारी सिवान ने दिनांक 08 मई 2025 को अपराह्न 3:00 बजे समाहरणालय परिसर में अवस्थित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने जिला अभिलेखागार, स्थापना शाखा, विकास शाखा सहित अन्य शाखाओं का भ्रमण किया।
जिला पदाधिकारी ने विभागों में संचिकाओं के रख-रखाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को दस्तावेजों के सुव्यवस्थित प्रबंधन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आगत-पंजी और निर्गत-पंजी का गहन निरीक्षण किया तथा निर्देशित पत्राचारों के आलोक में कार्यों को समयबद्ध रूप से निष्पादित करने का सख्त निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यसंवेदनशीलता और कार्यालयीन अनुशासन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने हेतु सतत निगरानी आवश्यक है।