शादी के बाद लौट रही बारात में विवाद, जमकर मारपीट—दुल्हन के भाई समेत कई घायल!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के मुबारकपुर गांव में बीते दिन आरा जिले से आई बारात में शादी का कार्यक्रम संपन्न हुआ, लेकिन लौटते समय यह खुशी का माहौल तनाव और मारपीट में बदल गया। बताया जा रहा है कि बारात में भोजन को लेकर विवाद हो गया था, जिसका असर विदाई के बाद देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, राज कुमार वीन की पुत्री पूजा कुमारी की शादी दसई वीन से संपन्न हुई थी। शादी के बाद जब बारात मुबारकपुर से आरा लौट रही थी, उसी दौरान सलेमपुर गांव के पास बारात में शामिल कुछ लोगों ने रास्ते में ही दुल्हन के भाई से विवाद शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि भोजन को लेकर हुई नाराजगी ही इस झगड़े की वजह बनी।
विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। इसी दौरान जब लड़की पक्ष के लोगों को घटना की सूचना मिली, तो वे भी मौके पर सलेमपुर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना में दुल्हन के भाई को चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार राम के निर्देश पर 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन को सुरक्षित थाने ले जाकर विवाद को शांत किया।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।