जलालपुर में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा, सांसद सिग्रीवाल हुए शामिल!
सारण (बिहार): जलालपुर प्रखंड के हरपुर शिवालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय ध्वज की शान के साथ यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सहाजिपुर तक पहुँची।
इस तिरंगा यात्रा में महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान और राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से निकाली गई है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र सेवा में सक्रिय भागीदारी की अपील की और इसे शहीदों के सम्मान में समर्पित बताया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों की भी भागीदारी रही।