संकट मोचन हनुमान मंदिर का शिलान्यास, ग्रामीणों ने लिया जनचेतना का संकल्प!
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश कुमार सिंह: माँझी प्रखण्ड के महम्मदपुर गांव में बुधवार को संकट मोचन हनुमान मंदिर का शिलान्यास और हवन-पूजन विधिवत सम्पन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आचार्य अनूप मिश्रा ने पूजा-अनुष्ठान सम्पन्न कराया। इस धार्मिक आयोजन में गाँव के सैकड़ों लोगों ने श्रद्धा के साथ भाग लिया।
मुख्य यजमान बिनय कुमार दुबे ने इस मौके पर कहा कि यह आयोजन केवल पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामवासियों की एकजुट श्रद्धा, सेवा भावना और सामाजिक समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने मंदिर निर्माण के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी स्वयं ली है और जनचेतना फैलाने का संकल्प लिया है।
महम्मदपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शैलेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि संकट मोचन मंदिर का निर्माण कार्य केवल ईंट-पत्थर का जोड़ नहीं है, बल्कि इससे गाँव में आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक एकता का संचार होगा। यह आयोजन महम्मदपुर के धार्मिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता सुदामा तिवारी, राजकुमार दुबे, राहुल दुबे, बृज बिहारी लाल गुप्ता, ओमप्रकाश सोनी, सुरेश तिवारी, संजय तिवारी, लालबाबू प्रसाद, हरेकृष्ण मिश्रा, राम सागर तिवारी, गोपाल दुबे और योगेन्द्र यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।