चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, छह गिरफ्तार!
सारण (बिहार): सारण जिले के जनताबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब CSP संचालक चंद्र प्रकाश ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात चोरों ने उसके केंद्र से प्रिंटर, लैपटॉप, बैट्री, यूपीएस, ₹5000 नगद, CCTV DVR तथा एक लेमिनेशन मशीन चोरी कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में प्रिंस कुमार (साकिन–शिवबिहारी), आकाश कुमार (साकिन–भटवलिया), विशाल साह (साकिन–दाउलपुर), रंजीत कुमार (साकिन–दाउलपुर), संजीव साहनी (साकिन–धमवलिया) और मनु कुमार (साकिन–लहेलालपुर), सभी थाना जनताबाजार, जिला–सारण के निवासी हैं। इनके पास से इनवर्टर, बैट्री, प्रिंटर समेत चोरी गया अन्य सामान बरामद किया गया है।