तीन अलग-अलग घटनाओं में चार घायल, एक की हालत गंभीर!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में मंगलवार को हिंसा और दुर्घटनाओं की तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक किशोर की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में चल रहा है।
पहली घटना भागर गांव की है, जहां पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान विश्राम राम के पुत्र शिवम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसे आनन-फानन में सिसवन रेफरल अस्पताल ले जाया गया। इस संबंध में घायल की मां सावित्री देवी ने सिसवन थाने में आवेदन देकर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दूसरी घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर बाजार की है, जहां आपसी विवाद में मारपीट के दौरान मोहम्मद जुबेर और उनकी पत्नी सोनी खातून घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई है।
तीसरी घटना सिवान-सिसवन मुख्य मार्ग पर हुई, जहां एक बाइक दुर्घटना में अनूप कुमार शर्मा, निवासी हंसराजपुर (एकमा थाना क्षेत्र), घायल हो गए। उन्हें भी प्राथमिक उपचार के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तीनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी है और घटनाओं की अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।