हत्या कांड में फरार नामजद अभियुक्त गिरफ्तार, सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सारण (बिहार): सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण जिले की भेल्दी पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 21 मार्च 2025 को भेल्दी थाना क्षेत्र के रायपुरश गांव में हुए हत्या कांड के सिलसिले में की गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक प्रमोद महतो, पिता स्व. जगलाल महतो, निवासी रायपुरश, थाना भेल्दी की जघन्य हत्या गांव के ही दो लोगों द्वारा आपसी रंजिश में मारपीट कर कर दी गई थी। उन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई थी। घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें रायपुरश गांव के ही राहुल कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया गया था।प्राथमिकी भेल्दी थाना कांड संख्या 98/25, धारा 302 भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज की गई थी। अनुसंधान के क्रम में प्राप्त सूचना के आधार पर आज 20 अप्रैल को पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राहुल कुमार, पिता टीनग मांझी, साकिन रायपुरश, थाना भेल्दी, जिला सारण के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में भेल्दी थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।