सिसवन थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाएं, एक महिला घायल, एक वृद्ध की मौत!
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला घायल हो गई जबकि एक वृद्ध व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पहली घटना सरौत गांव की है, जहां स्थानीय निवासी परमित प्रसाद की पत्नी उषा देवी छत पर काम करने जा रही थीं। इस दौरान उनका पैर फिसल गया और वे सीढ़ी से नीचे गिरकर घायल हो गईं। परिजनों द्वारा तत्काल उन्हें सिसवन रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
वहीं दूसरी घटना सिसवन गांव में हुई। तीन दिन पूर्व सड़क पर टहल रहे 70 वर्षीय वृद्ध देवलाल साहनी को एक अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया था। सिर में गहरी चोट लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।