48 घंटे में पकड़ाए चैन स्नेचिंग के तीन आरोपी, नरसिंहपुर स्टेशनगंज पुलिस ने किया बड़ा खुलासा!
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: नरसिंहपुर थाना स्टेशनगंज अंतर्गत चैन स्नेचिंग की एक बड़ी घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांबाज सिपाही संजय आशीष और उनकी टीम की मुस्तैदी से तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
घटना 26 अप्रैल 2025 की है, जब विवेक पटेल और उनके साथी विनोद पटेल कृषि उपज मंडी नरसिंहपुर में चना और गेहूं की बिक्री के बाद रात लगभग 10 बजे केंद्रीय विद्यालय रोड से अपने घर लौट रहे थे। तभी तीन युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर विवेक पटेल से मारपीट कर उनके गले से 21 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। पीछा करने पर विवेक पटेल और विनोद पटेल ने पाया कि उनकी मोटरसाइकिल भी घटनास्थल से गायब थी। इस घटना के बाद थाना स्टेशनगंज में अपराध क्रमांक 369/2025 धारा 303(1), 304 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया और मुखबिरों को सक्रिय करते हुए तकनीकी साधनों का भी उपयोग किया। इसी दौरान सूचना मिली कि रानीपिपरिया रोड मगरधा के पास तीन संदिग्ध युवक मौजूद हैं। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और गहन पूछताछ में युवकों ने अपना नाम पंकज मेहरा (20 वर्ष), धर्मेन्द्र उर्फ धरमू चौधरी और राजा नौरिया (26 वर्ष) बताया। तीनों ने चैन स्नेचिंग की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक मोटरसाइकिल और 2.5 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन बरामद कर ली है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया।
इस कार्यवाही में निरीक्षक रत्नाकर हिंगवे, सहायक उपनिरीक्षक सतीश राजपूत, प्रधान आरक्षक आशीष मिश्रा, वरिष्ठ आरक्षक संजय पांडे, आरक्षक नंदकिशोर कुशवाहा, अंकित विश्वकर्मा, पुष्पराज, मोहित, चालक प्रशांत तथा महिला आरक्षक शिवानी शेन्डे ने विशेष भूमिका निभाई।
थाना स्टेशनगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना क्षेत्र में हो रही है।