78 वर्षीय वृद्ध से दबंगों ने की मारपीट, जान से मारने की दी धमकी!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र के साधपुर बल्ली गांव में एक 78 वर्षीय वृद्ध रामपुकार सिंह पर कुछ दबंगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में लिखित आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल की शाम करीब 8:45 बजे रामपुकार सिंह अपने घर लौट रहे थे, तभी गांव के ही नितेश कुमार सिंह, रूपेश सिंह, विरेन्द्र सिंह और जितेन्द्र सिंह ने रास्ते में उन्हें रोककर मारपीट शुरू कर दी। सभी आरोपी हथियारों से लैस थे।
अस्पताल से लौटने के पश्चात पीड़ित ने बताया कि नितेश कुमार सिंह ने उनके चेहरे पर जोरदार प्रहार किया, जिससे उनका दांत टूट गया, जबकि रूपेश सिंह ने लाठी से पीठ पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं, विरेन्द्र और जितेन्द्र सिंह ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
रामपुकार सिंह ने यह भी बताया कि इससे पहले भी उनके साथ मारपीट की घटना हो चुकी है और ये सभी लोग दबंग एवं आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। फिलहाल वे छपरा सदर अस्पताल में इलाजरत हैं। उन्होंने कोपा थाना प्रभारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।