अब नहीं रहे शिक्षक हरेंद्र ठाकुर, सड़क दुर्घटना में दो की मौत!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा-सीवान मुख्य मार्ग के बनवार ओवर ब्रिज के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई जिसमें एक सेवानिवृत शिक्षक और एक महिला दोनों की मृत्यु हो गई।
घटना छपरा सिवान रोड (एनएच 531) दाउदपुर बनवार ओवर ब्रिज पर की बताई जा रही है जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक और एक ऑटो में टक्कर मार दी जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। वहीं सूचना पाकर मौके पर दाउदपुर थाना ने पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। मृत शिक्षक की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरेजा गाँव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक सह माँझी प्रखंड संसाधन केंद्र के बीआरपी हरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई। वहीं महिला की पहचान कोपा थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी कुमी यादव की पत्नी सुनैना देवी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि हरेंद्र ठाकुर बहुत ही हंसमुख एवं मिलनसार व्यक्ति थे। उनके निधन से परिवार और शिक्षा जगत पर दुखों का पहाड़ टुट पड़ा है। वे अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ कर गए हैं। उनके निधन की खबर जैसे ही शिक्षकों को मिली, क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के सक्रिय सदस्य थे। उनके निधन पर सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ ने शोक व्यक्त किया है।
घटना की सूचना मिलने ही सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अभय कुमार सिंह, प्रधान सचिव दिनेश कुमार सिंह, संरक्षक ब्रजेश कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष महेश्वर सिंह, आलोक कुमार सिंह, उपाध्यक्ष संजय कुमार, विकास कुमार, हरि मिश्रा,उप प्रधान सचिव समसुद्दौला सिद्दकी, नित्यानंद सिंह, अनिमेष मोहन, सच्चिदानंद सचिन, विजयेन्द्र विजय, मिथिलेश यादव,सत्येन्द्र सिंह, विजय कुमार सिंह, दिलीप कुमार सिंह, कुमार राजू दास, भूपेंद्र सिंह, पप्पू सिंह, मुरलीधर सिंह, अरविंद कुमार सिंह, बी के भारतीय सैकड़ों लोगों शोक व्यक्त किया हैं।