रॉड से प्रहार कर आर्केस्ट्रा संचालक युवक की हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम! मृतक की 10 माह पूर्व हुई थी शादी!
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के माँझी एकमा मुख्य मार्ग पर स्थित मदनसाठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीप मंगलवार की रात एक 20 वर्षीय युवक की बदमाशों ने लोहे के रड से पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतक एकमा थाना क्षेत्र के कोहडगढ़ गाँव निवासी विनय राम का पुत्र सन्नी कुमार राम बताया जाता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनो मे चीख पुकार मच गयी। घटना की जानकारी मिलने के बाद आक्रोशित लोगों ने मांझी- एकमा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। घटना की सूचना पा कर घटना स्थल पर पहुची दाउदपुर थाने की पुलिस तथा मांझी सीओ सौरभ अभिषेक ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम को खत्म कराया तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि कोहड़गढ़ गांव निवासी विनय राम के पुत्र सन्नी कुमार राम अपने बड़े भाई ब्रजेश कुमार राम के साथ अपने दोस्त एवं दाउदपुर के शीतलपुर गांव निवासी मुन्ना राम के बारात में भाग लेने के लिए बाइक से मांझी के मेहंदीगज गए हुए थे। सन्नी कुमार राम एवं ब्रजेश कुमार राम मंगलवार की देर रात करीब एक बजे मांझी के मेहंदीगंज से बारात करके अपने घर कोहड़गढ लौट रहे थे। इसी दौरान उनके बाइक का कुछ लोगों द्वारा स्कार्पियो से पीछा किया गया। स्कार्पियो में सवार लोग आगे- पीछे कर रहे थे। तभी मदनसाठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास सुनसान जगह देखकर पहले स्कार्पियो को अचानक रोक दिया। इसी बीच पीछे से बाइक की टक्कर होने के बाद उसपर सवार दोनों भाई गिर पड़े। तभी स्कार्पियो से निकलकर कुछ लोगों ने रॉड से सन्नी कुमार राम के सिर पर प्रहार कर दिया। उसके भाई ब्रजेश राम ने किसी तरह अंधेरा का फायदा उठाकर वहां से भाग गए। वहीं बदमाशों ने सन्नी राम को लोहे के रड से पीटकर पीटकर पर हत्या कर दी गयी। वही मृतक के बड़े भाई ब्रजेश राम किसी तरह घटना की सूचना परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलने पर बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय महिला-पुरुष के साथ सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। जिससे मांझी -एकमा मुख्य सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।
मृतक सन्नी कुमार राम की शादी 10 माह पहले हीं बरेजा के संध्या भवानी से हुई थी। मृतक कोहड़गढ़ में हीं रहकर आर्केष्ट्रा चलाता था। घटना के बाद से मां चंदा देवी व पत्नी संध्या भवानी का रो- रो के बुरा हाल है।
घटना के सम्बंध में मृतक के बड़े भाई ब्रजेश कुमार राम ने दाउदपुर थाने में एक आवेदन दिया है, जिसमें घटना का कारण पूर्व का विवाद बताया गया है। आवेदन में कोहड़गढ़ गांव के हीं दो लोगों को आरोपित किया गया है। दाउदपुर थानाध्यक्ष नवलेश ने बताया कि पुलिस मामले की गम्भीरता से जांच कर रही है।