नौ दिवसीय श्रीराम कथा ज्ञान महायज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश शोभायात्रा!
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के मुबारकपुर स्थित मां मंगला भवानी मंदिर प्रांगण में होने वाले नौ दिवसीय श्रीराम कथा ज्ञान महायज्ञ को ले शुक्रवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु माथे पर कलश लेकर जलयात्रा में शामिल हुए। कलश शोभायात्रा मां मंगला भवानी मंदिर प्रांगण से होकर चैनपुर, बाजार, मोरवन,रामपुर, भगवानपुर, घुरघाट, चांदपुर होते हुए लगभग छ किलोमीटर की दूरी तय कर सिसवन सरयू नदी तट पर पहुंची, जहां आचार्य सुजीत तिवारी के नेतृत्व में विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल धारण किया गया।
शोभायात्रा में गाजे बाजे ऊंट, घोड़े रथ भी शोभा बढ़ा रहे थे। कलश यात्रा पुनः इसी रास्ते वापस यज्ञ स्थल पर पहुंचा। यज्ञ समिति के रमेश तिवारी, हरेंद्र प्रसाद, रमेश गुप्ता, नारायण प्रसाद, महेश तिवारी आदि ने बताया कि यज्ञ 28 फरवरी से 8 मार्च तक चलेगा। इस दौरान सुबह 6:30 से 10:30 तक श्रीरामचरित नवपरायण, संध्या में 6:00 बजे से अयोध्या से आई मशहूर कथावाचिका मंजू लता की कथा होगी। रात्रि आठ बजे से 11 बजे तक भजन संध्या का कार्यक्रम होगा। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल थे।