पूर्व मुखिया ने पैक्स अध्यक्ष पर लगाया फर्जी तरीके से नामांकन कराने का आरोप!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी। प्रखंड के ताजपुर पँचायत के पूर्व मुखिया विजय सिंह ने ताजपुर के पूर्व मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार सिंह पर मतदाता सूची में छेड़छाड़ करके दूसरे के क्रमांक पर फर्जी तरीके से अपना नाम अंकित करा कर नामाँकन कराने का आरोप लगाया है।
सारण के समाहर्ता को दिए ज्ञापन में श्री सिंह ने कहा है कि बीते पैक्स के चुनाव में वर्तमान पैक्स अध्यक्ष ने पैक्स के मतदाता सूची क्रमांक 685 को आधार बनाकर अपना नामांकन किया था जबकि पिछले 2019 के पैक्स चुनाव की मतदाता सूची में 685 नम्बर पर सुरेन्द्र मिश्र पिता स्व रघुनाथ मिश्रा का नाम अंकित था। वर्ष 2024 के मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद उसमें की गई छेड़छाड़ पर सुरेन्द्र मिश्र ने अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई थी बावजूद इसके कतिपय कारणों से सुरेन्द्र कुमार सिंह के नामांकन को वैध करार दिया गया।
श्री सिंह ने कहा है कि सुरेन्द्र कुमार सिंह ने 2024 के नामांकन में 2009 से 2024 तक लगातार पैक्स अध्यक्ष बने रहने की बात कही है जबकि 2009 से 2014 तक वे पैक्स अध्यक्ष पद पर नही थे। उन्होंने सारण के समाहर्ता से उक्त मामले की जाँच करके विधि सम्मत कार्रवाई करने की माँग की है।