चकिया में पुलिस पर हमला के मामले 3 और गिरफ्तार!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी प्रखंड क्षेत्र के चकिया गांव में केस के अनुसंधान करने गई पुलिस पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन और नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तीनो गिरफ्तार अभियुक्त चकिया गांव निवासी बताये जाते है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में चकिया गांव निवासी राजनाथ साह के पुत्र अमरजीत कुमार एवम हिमांशु कुमार तथा कन्हैया शर्मा का पुत्र विनय कुमार शर्मा बताए जाते है। इससे पहले दो अन्य नामजद अभियुक्तों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि चकिया गांव में 28 नवम्बर को एक केस के अनुसन्धान में गए पुअनि विपुल कुमार ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद गांव के शरारती तत्वों ने पुलिस पर हमला कर हिरासत में लिए गए एक अभियुक्त को जबरन छुड़ा लिया। बाद में विपुल कुमार ने पुलिस पर हुए हमला मामले में एक प्राथमिकी दर्ज कराकर दस लोगों को नामजद तथा दस अज्ञात के विरुद्घ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सभी अभियुक्त घर छोड़ कर फरार थे। इसी बीच मंगलवार को सूचना मिली कि तीन अभियुक्त दाउदपुर थाना क्षेत्र के खड़रहिया में एक अभियुक्त के ससुराल में छुपे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान दो प्राथमिकी तथा एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। बाकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। छापेमारी में थानाध्यक्ष अमित कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, पुअनि विपुल कुमार के अलावा बड़ी संख्या में जिला शस्त्र बल के जवान भी शामिल थे।