कटिहार रेल मंडल के मजदूर यूनियन ने निकली भव्य बाइक रैली!
कटिहार (बिहार) संवाददाता रूपेश मिश्रा: भारतीय रेल के संगठन की मान्यता हेतु 4, 5 और 6 दिसंबर को चुनाव होने वाला है, जिसे लेकर कटिहार रेल मंडल के मजदूर यूनियन ने एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया। यह आयोजन न केवल अपनी शक्ति और एकजुटता को प्रदर्शित करने का अवसर था, बल्कि सभी रेल कर्मचारियों को जोड़ने और एक सकारात्मक संदेश देने का माध्यम भी बना।
इस रैली में लगभग 300 से अधिक बाईक एवं 600 से अधिक मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन के प्रमुख संयोजक मंडल संयोजक संजय गोस्वामी के नेतृत्व में यह रैली निकाली गई। उनके साथ शाखा सचिव सुमन मिश्रा, सरोज कुमार, और विजय प्रकाश ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंडल संयोजक ने बताया कि मजदूर यूनियन का हमेशा से उद्देश्य रहा है कि रेल कर्मचारियों के हक और अधिकारों की रक्षा करना। रेल कर्मियों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देना। रेल कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान और कल्याणकारी योजनाओं को बढ़ावा देना। हर कर्मचारी की आवाज को मंच तक पहुंचाना।
उन्होंने बताया कि मजदूर यूनियन ने अपने कार्यकाल में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की है। जिसमें महंगाई भत्ते में वृद्धि, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, प्रमोशन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल वोट का नहीं। बल्कि अपने भविष्य को सुरक्षित करने का अवसर है। उन्होंने सभी रेल कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि वे 4, 5 और 6 दिसंबर को अपने बहुमूल्य मत का प्रयोग कर मजदूर यूनियन के पक्ष में मत डाले। मजदूर यूनियन की इस पहल से यह स्पष्ट है कि संगठन का एकमात्र उद्देश्य रेल कर्मचारियों के कल्याण के लिए काम करना है।