सूर्योपासना का महान छठ पर्व संपन्न: व्रतियों ने किया भगवान भाष्कर को अर्घ्यदान!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: सूर्योपासना के महान छठ पर्व के अवसर पर गुरुवार की शाम एवं शुक्रवार को सुबह माँझी के प्रसिद्ध रामघाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भाष्कर को अर्घ्यदान किया। मौके पर स्थानीय प्रशासन, नगर पँचायत तथा छठ पूजा समिति से जुड़े सदस्यों ने व्रतियों की सहूलियत के लिए बेहतर ब्यवस्था की थी। व्रतियों के लिए साफ सफाई के अलावा सड़कों एवम प्रवेश स्थलों पर आकर्षक तोरण द्वार, सजावट तथा गोताखोरों द्वारा नौका से मॉनिटरिंग की ब्यवस्था की गई थी। रामघाट छठ पूजा समिति के संयोजक रंजन शर्मा ने बताया कि उक्त घाट पर व्रतियों के लिए पूजन सामग्री एवम चाय आदि की भी ब्यवस्था की गई थी।
उधर रामघाट से सटे पुरब बहोरन सिंह के टोला छठ घाट पर भी सैकड़ो व्रतियों ने अर्घ्यदान किया। इससे पहले संत रामजी दास उर्फ पतइया बाबा तथा संत रामदास उदासीन जी महाराज ने फीता काटकर छठ घाट का विधिवत उदघाटन किया। संत द्वय ने बताया कि उक्त घाट पर ग्रामीणों के अलावा बड़ी संख्या में छपरा शहर से पधारे व्रती व श्रद्धालु आदि मौजूद थे। संत द्वय ने बहोरन सिंह के टोला छठ घाट का नामकरण राम जानकी घाट किये जाने की घोषणा की। मौके पर संत रामदास उदासीन ने श्रीमद्भागवत पुराण में वर्णित छठ की महत्ता की तथा कथावाचन किया। छठ पर्व के पावन अवसर पर माँझी के बैरिया घाट, बाबा मधेश्वर नाथ घाट तथा ड्यूमाइगढ घाट के अलावा महम्मदपुर, मुबारकपुर, ताजपुर, मटियार, डुमरी, घोरहट, फतेहपुर, मेंहदीगंज, दुर्गापुर, धनी छपरा, कौरुधौरु एवम मझनपूरा आदि घाटों पर भी बड़ी संख्या में व्रतियों ने अर्घ्यदान किया।
उक्त मौके पर बीडीओ रंजीत सिंह, सीओ सौरभ अभिषेक, कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया तथा मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू राय समिति सदस्यों के साथ लगातार सक्रिय रहे। रामघाट पर आए अतिथियों एवं पदाधिकारियों को माँझी विधानसभा के पूर्व प्रत्यासी ई सौरभ सन्नी द्वारा अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। छठ व्रतियों की भीड़ के विभिन्न घाटों के अलावा विशेष तौर पर माँझी चट्टी पर पुलिस बल को तैनात किया गया था।
ताजपुर में हर्षोल्लास के साथ छठ संपन्न!
वहीं प्रखंड क्षेत्र के ताजपुर पुरानी बाजार में धमाका दल के द्वारा छठ घाट को दुल्हन की तरह सजाया गया था। दोनों पुल पर आकर्षक लाइट के साथ सुसज्जित तोरण द्वार भी लगाए गए थे। वहीं छठ व्रतियों के लिए टेंट लगाया गया था। ताजपुर के अन्य घाटों पर भी पूजा समितियों के द्वारा बेहतर व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा की बात करें तो नदी घाट पर बैरिकेटिंग लगाया गया था तथा नाव पर सवार गोताखोर निरंतर व्रतियों पर नजर रखे हुए था। धमाका दल के अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष जीतू सिंह, मुखिया मनीष सिंह पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, राजद नेता विजय सिंह और सैकड़ों लोगों के साथ पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में हर्षोल्लास के साथ हजारों व्रतियों ने सायं व प्रातः कालीन भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।