दिवाली की खुशी फीकी न पड़े: माँझी पीएचसी एलर्ट, स्वास्थ्य कर्मियों ने भी मनाई दिवाली!
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: उत्साह की चमक व सतरंगी रोशनी से जगमग अंधकार पर प्रकाश की विजय का महोत्सव है दीपावली। माँझी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दीपावली पर्व को लेकर गुरुवार की संध्या स्वास्थ्य कर्मियों में खासा उत्साह और उमंग देखा गया। दीपावली के दिन पूरा अस्पताल रंग बिरंगी सतरंगी रोशनी एवं रंग-बिरंगे झालरों से जगमग हो उठा है। इसके साथ ही दीवाली पर धन की अधिष्ठात्री देवी मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना की गई। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी रोहित कुमार ने सभी प्रखंड के लोगों की मंगलकामना की दीपावली की शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि दीपावली के दौरान पटाखा या आग से किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका के मद्देनजर माँझी स्वास्थ्य केंद्र अलर्ट मोड में है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि अस्पताल में चौबीस घंटे इलाज की व्यवस्था के लिए डॉक्टर व नर्स के अलावा अन्य स्टाफ की तैनाती कर दी गयी है। इसके अलावा अलग से बेड की भी व्यवस्था करने के साथ जरूरी दवा की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गयी है।