भोजपुरी गायकों ने मचाया जबरदस्त धमाल!
सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल तथा पूर्व मंत्री गौतम सिंह ने गायक कलाकारों को किया सम्मानित!
असगर अली की म्यूजिक टीम ने श्रोताओं को खूब रिझाया!
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: जिले के माँझी प्रखंड के लक्ष्मीपुर गाँव में शनिवार की रात आयोजित एक सांस्कृतिक समारोह में प्रसिद्ध भोजपुरी गायक गोलू राजा, विष्णु ओझा तथा बादल बवाली समेत कई अन्य कलाकारों ने अपनी गायकी से श्रोताओं के बीच जबरदस्त धमाल मचाया। इससे पहले महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल तथा पूर्व मंत्री गौतम सिंह ने गायक कलाकारों को अंगवस्त्र फूलमाला व नगद आदि से सम्मानित करके संगीत समारोह का विधिवत उदघाटन किया।
बताते चलें कि स्थानीय समाजसेवी अजय सिंह की माता स्व शारदा देवी के श्राद्ध कर्म के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक समारोह को सम्बोधित करते हुए नेता द्वय ने भोजपुरी संगीत की महत्ता की चर्चा करते हुए भोजपुरी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की आवश्यकता जताई। मौके पर अनेक गणमान्य लोगों ने मृतक के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
रात भर चले समारोह में गायक गोलू राजा, विष्णु ओझा, बादल बवाली, प्रियंका भाष्कर तथा रिंकु यादव ने एक से बढ़कर एक भजन, निर्गुण, पूर्वी तथा सोहर आदि प्रस्तुत करके सैकड़ों श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। संगीत समारोह में पहुँची असगर अली की म्यूजिक टीम ने श्रोताओं को खूब रिझाया। समारोह में हेम नारायण सिंह, प्रो शिवाजी सिंह, मकेश्वर सिंह, चन्द्रदेव सिंह, पृथ्वीराज सिंह, हीरालाल यादव, संजीत साह, संजय सिंह तथा शिक्षक मंटू सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे। समारोह का संचालन रवि सिंह ने किया।