जिउतिया स्नान के दौरान माँ के साथ गए एक किशोर व एक किशोरी की पोखरा में डूबने से मौत!
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पाण्डेय: जिले के दाउदपुर एवं माँझी थाना क्षेत्र में बुधवार को जिउतिया स्नान के दौरान माँ के साथ गए एक किशोर व एक किशोरी की पोखरा में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से दोनों मृतक के परिवार में हाहाकार मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दाउदपुर थाना क्षेत्र दुमदुमा गांव निवासी श्रवण प्रसाद सोनी एवं उनकी पत्नी गुलाबो देवी जिउतिया को लेकर भरवलिया पोखरा में नहाने गए थे। उनके पीछे- पीछे 13 वर्षीय गोलू कुमार भी चला गया था। गुलाबो देवी महिलाओं की झुंड में नहा रही थी। जबकि पति श्रवण प्रसाद कुछ दूर नहा रहे थे। तभी घाट पर खड़ा गोलू का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। उसे डूबता देख पति- पत्नी भी उसे बचाने के क्रम में डूबने लगे। जिन्हें किसी तरह बचा लिया गया। जबकि गोलू को नही बचाया जा सका। कुछ देर बाद उसके शव को बाहर निकाला गया। घटना की खबर मिलते हीं दाउदपुर थाना पुलिस व स्थानीय मुखिया अभिषेक कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। बाद में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। मृतक दो भाई व एक बहन के बीच मांझिल था।
वहीं मांझी थाना क्षेत्र के सबदरा गांव में जिउतिया स्नान करने माँ के साथ गई एक किशोरी की सोंधी नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतका राधेश्याम साह की 12 वर्षीय शोभा कुमारी बतायी जाती है। जिसके शव को ग्रामीणों के सहयोग से नदी से बाहर निकाला गया। जिसकी सूचना मिलने पर मांझी थाना पुलिस ने पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। घटना के बाद से दोनों हीं परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।