शिवरात्रि पर आस्था के साथ भगवान शिव के हजारों भक्तों ने किया जलाभिषेक!
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के रामगढ़ पंचायत अंतर्गत मेंहदार स्थित बाबा महेंद्र नाथ धाम मंदिर में शुक्रवार को श्रावण मास की शिवरात्रि पर आस्था के साथ भगवान शिव के भक्तों ने जलाभिषेक किया। इस दौरान झारखण्ड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक वा राष्ट्रीय एथलीट विकास सिंह ने भी बाबा भोलेनाथ के दरबार में अपनी हाजिरी लगाते हुए पूजा अर्चना की इस मौके पर उन्होंने हिन्दुओ के सबसे बड़े आस्था का केंद्र बाबा महेंद्रनाथ धाम को बतया। उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यता है कि सावन महीने में बाबा भोलेनाथ की पूजा अर्चना करने से लोगों की सारी मनोकामनाएं पूर्ण होती है इसी आशा एवं विश्वास के साथ लोग यहां पर पूजा अर्चना करने आते हैं और बाबा भोलेनाथ की कृपा से उनकी सारी मनोकामनाएं पूर्ण होती है।
वहीं सिसवन प्रखंड क्षेत्र के चैनपुर व गंगपुर सिसवन के मंदिरों में भी शिवभक्तों की भारी भीड़ रही। प्रशासन को व्यवस्था बनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान बम बम व भोले के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। शिवरात्रि पर शुक्रवार को सुबह चार बजे से ही शिव मंदिरों पर भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गयी। सुबह चार बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए महेन्द्रनाथ मंदिर के कपाट खोल दिये गए। भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव को जल अर्पित किया।प्रधान पुजारी तारकेश्वर उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार को करीब 90 हजार श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की भक्तों ने लंबी लाइनों में काफी इंतजार के बाद भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बखरी,आंसड,मधवापुर,रामगढ़ आदि क्षेत्र के सभी मंदिरों में लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान भोले का जलाभिषेक किया। कचनार व भागर स्थित शिवमंदिर में भी भारी संख्या में श्रद्घालुओं ने जलाभिषेक किया।