भाजपा ने आयोजित किया सदस्यता अभियान कार्यशाला!
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखण्ड के ब्रह्म स्थान छितौली पुल के समीप गुरुवार को भाजपा के सदस्यता अभियान कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें सिसवन पूर्वी व पश्चिमी तथा हसनपुरा मंडल के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यशाला में सदस्यता अभियान की रणनीति के बारे में बताया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ ब्यास सिंह ने कहा कि भाजपा किसी परिवार या व्यक्ति विशेष या फिर नेता आधारित पार्टी नहीं है, यह तो विचारधारा और कार्यकर्ता आधारित वो पार्टी है जहां हर कार्यकर्ता का सम्मान, उसको परिवार का भाव और आत्मीयता का अहसास कराया जाता है। ऐसे में भाजपा की सदस्यता अभियान किसी व्यक्ति को जोड़ने तक सीमित नहीं है, यह अभियान विचारधारा आधारित कार्यकर्ताओं को अपना बनाने का अभियान है।
उन्होंने कहा कि ऊर्जावान कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत और रीढ़ की हड्डी है। भाजपा के कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा की बदौलत ये विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। कार्यक्रम का संचालन पश्चिम मंडल अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने किया। मौके पर कमलदेव तिवारी, रमेश तिवारी, अशोक कुमार पासवान,शंकर भारती सहित सैकड़ो लोगों उपस्थित रहे।