सिवान जिला की खबरें: गिरी आकाशीय बिजली, कृषि चौपाल, प्राण प्रतिष्ठा के बाद हुआ विशाल भंडारा!
/// जगत दर्शन न्यूज
सिसवन सिवान: सिसवन प्रखंड के छितौली गांव स्थित नवनिर्मित हनुमान मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा हो गई। ग्रामीणों के सहयोग से हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा सह नौ दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम समापन के बाद बुधवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ो की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
रघुनाथपुर सिवान: रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के अमहरा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक नाबालिक लड़की की मौत हो गई। मृत लड़की की पहचान प्रीती कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातमी सनाटा पसर गया वही घर वालो का रो रो कर बुरा हाल है।
सिसवन सिवान: सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर मठिया गांव में बुधवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। व्यक्ति ग्यासपुर मठिया गाँव निवासी राजेंद्र बैठा का 35 वर्षीय पुत्र भागीरथी बैठा है। दोपहर अचानक आई वर्षा के दौरान वह बगीचे में आम चुन रहा था। इसी दौरान ठनका गिरा। ठनका के चपेट में आने से वह अचेत हो गया। सिसवन रेफरल अस्पताल में इलाज कराया गया।
हसनपुरा सिवान: हसनपुरा प्रखंड के पियाउर एवं अरंडा पंचायत के अलावे कई जगहों पर बुधवार को खरीफ किसान चौपाल का आयोजन किया गया। यह किसान चौपाल कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण के सौजन्य से आयोजित किया गया। जहां चौपाल में उपस्थित किसानों को खरीफ फसल की खेती के नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी गई एवं सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया।