सरयु नदी में उपलाते मिला अधेड़ महिला का शव!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: शुक्रवार को अहले सुबह माँझी थाना पुलिस ने स्थानीय रामघाट के समीप सरयु नदी में उपलाते एक अधेड़ महिला का शव बरामद किया। बाद में सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर के माध्यम से मृतक महिला की पहचान कर ली गई है। मृतका माँझी थाना क्षेत्र के सोनबरसा गाँव निवासी शशिभूषण सिंह की पत्नी अनिता देवी, उम्र 50 वर्ष बताई जाती हैं। इससे पहले रबीन्द्र कुमार चौधरी तथा विशेश्वर चौधरी नामक मछुआरों ने नदी में उपलाते शव को देखकर इसकी सूचना माँझी थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर रामघाट पहुँची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। घटना की जानकारी देते हुए मृतका के पति ने बताया कि उनकी पत्नी गुरुवार की शाम सरयु में स्नान करने रामघाट गई थी तथा स्नान करने के बाद से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। परिजन रातभर जागकर उसकी खोजबीन में लगे हुए थे। हालाँकि परिजनों को महिला के डूबने की खबर सोशल मीडिया के माध्यम से हुई। उन्होंने बताया कि मृतका अर्द्ध विक्षिप्त थी तथा पिछले लगभग 20 वर्षों से मानसिक चिकित्सक के माध्यम से उसका इलाज भी चल रहा था। सूचना पाकर घाट पर पहुँचे दर्जनों परिजनों व ग्रामीणों ने शव को देखते ही दहाड़ मारकर रोने लगे। इस दौरान वहाँ का माहौल बेहद गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका को दो पुत्र व दो पुत्री हैं। एक पुत्र व एक पुत्री की शादी भी हो चुकी हैं, जबकि मृतका के पति गाँव में ही रहकर खेती गृहस्ती का काम करते हैं।