माँझी प्रखंड प्रमुख और उपप्रमुख पर लगे अविश्वास प्रस्ताव की सरगर्मी तेज!
/// जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: माँझी की प्रखंड प्रमुख कमला देवी तथा उप प्रमुख मनोज सिंह के खिलाफ लाये गए अविश्वास प्रस्ताव पर आठ जनवरी को चर्चा होगी। इसकी जानकारी देते हुए माँझी के बीडीओ रणजीत सिंह ने बताया कि बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के उपरांत मतदान की तिथि निर्धारित की जाएगी। उधर प्रखंड प्रमुख व उप प्रमुख के खिलाफ लाये गए अविश्वास प्रस्ताव के मद्देनजर कड़ाके की ठंड के बीच माँझी में राजनीतिक सरगर्मी परवान पर है।
राजनीतिक गहमा गहमी के बीच दोनों गुट अपने अपने समर्थक सदस्यों के साथ भूमिगत हो गए हैं। एक गुट के समर्थकों के पश्चिम बंगाल रवाना होने तथा दूसरे गुट के सदस्यों के नेपाल में भूमिगत होने की खबर है। एक गुट का नेतृत्व वर्तमान प्रमुख कमला देवी के पुत्र राजेश कुमार कर रहे हैं तो दूसरे गुट का नेतृत्व महम्मदपुर पँचायत की समिति सदस्या ललिता देवी के पति संतोष कुमार सम्हाल रहे हैं। यूँ तो दोनों गुट अपने समर्थक सदस्यों के बलबूते अपनी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। इसी बीच वर्तमान प्रमुख गुट की ओर से एक फोटो वायरल किया गया है जिसमें 22 समिति सदस्यों के समर्थन का दावा किया गया है। जबकि विपक्षी गुट 19 सदस्यों के साथ बहुमत जुटा लेने का दावा कर रहा है। इस राजनीतिक रस्साकस्सी के बीच समिति सदस्य कीमती लक्जरी वाहनों पर सवार होकर अलग अलग शहरों के पर्यटन के साथ साथ मनपसन्द व्यंजन का लुत्फ उठा रहे हैं। दोनों गुट अपने समर्थक सदस्यों के इजाफे के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।