अब नहीं रहे भोजपुरी जगत के प्रसिद्ध गायक बंगाल टाइगर परशुराम व्यास!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: माँझी प्रखंड के गोड़ा धुसहाँ गाँव निवासी एवम भोजपुरी जगत के लब्ध प्रतिष्ठित गायक परशुराम प्रसाद का सोमवार की रात हार्ट अटैक के बाद निधन हो गया। परिजनों ने बताया कि वे कल ही कोलकाता से संगीत कार्यक्रम सम्पन्न कर अपने घर आये थे। वे शाम का खाना खा कर सो गए। इधर मंगलवार को अहले सुबह उन्होंने परिजनों से सीने में तेज दर्द होने की बात कही। घर के लोग उनको इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाने ही वाले थे तबतक उनकी मौत हो गई।
भोजपुरी संगीत के थे दिग्गज कलाकार!
भोजपुरी संगीत में फिल्मी धुनों को समेटकर उन्होंने भोजपुरी गायकी को एक अलग अंदाज में स्थापित करने का कीर्तिमान स्थापित किया था। लगभग 60 वर्षों के सांगीतिक जीवन में उन्होंने हजारों कार्यक्रम में स्रोताओं को अपनी गायकी का लोहा मनवाया था। छह दशक की अपनी गायकी में उन्होंने दर्जनों शिष्यों को गायकी का गुर सिखाया। 80 वर्ष की उम्र में भी वे खुले अंदाज में द्विदलीय संगीत मुकाबला में शामिल होकर सारण का नाम रौशन करते थे। भोजपुरी संगीत जगत में उनको प्यार से लोग बंगाल टाइगर के नाम से सम्बोधित करते थे। स्व प्रसाद के निधन की खबर पाकर भोजपुरी संगीत से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीण व संगीत कलाकारों का लगा जमावड़ा!
स्व प्रसाद के शिष्य व भोजपुरी गायक दीपक शर्मा ने बताया कि सुबह से ही उनके दरवाजे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण व संगीत कलाकारों का जमावड़ा लगा हुआ है। स्व प्रसाद को तीन पुत्र व दो पुत्री हैं जिनकी शादी हो चुकी हैं। अनेक गायक कलाकारों ने स्व प्रसाद के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है तथा उनके निधन को भोजपुरी जगत के लिए अपूरणीय क्षति बतलाया है। बुधवार को सरयु नदी के किनारे उनका दाह संस्कार सम्पन्न होगा।