आठ सूत्री माँग को लेकर पहली जनवरी से हड़ताल पर जाएंगे जन वितरक (डीलर)!
बैठक कर लिया गया निर्णय!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखण्ड मुख्यालय परिसर में माँझी एवं रिविलगंज के जनवितरण डीलर्स यूनियन की बैठक प्रखंड अध्यक्ष नन्दकिशोर सिंह की अध्यक्षता हुई। बैठक में प्रखंड डीलर संघ के अध्यक्ष ने कहा कि वर्षों से आठ सूत्री मांग लंबित है, जिनमें मुख्य रूप से डीलरों को सरकारी सेवक का दर्जा देने, बिक्री पर कमीशन बढ़ाने तथा 30 हजार रुपये मानदेय फिक्स करने, अधिकारियों की तानाशाही समाप्त करने समेत अन्य मांगें शामिल हैं। बावजूद डीलरों की मांग पर विचार नहीं किया जा रहा है।
प्रखंड उपाध्यक्ष बृज किशोर सिंह ने कहा कि इन सभी मांगों को लेकर संघ द्वारा कई बार आंदोलन किया गया। बावजूद आज तक सरकार ने डीलरों की मांग पर कोई विचार तक नहीं किया। इस बीच वस्तुओं की आपूर्ति लगातार कम होती जा रही है और मानदेय बढ़ नहीं रहा है, जिससे डीलरों के लिए दुकान का खर्च तक निकालना कठिन होता जा रहा है। इन सभी समस्याओं को देखते हुए अब डीलर आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं और अगामी एक जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने निर्णय लिया गया है।
उक्त मौके पर दुर्गेश प्रसाद, देवेन्द्र प्रसाद, शुभ नारायण सिंह, प्रमोद तिवारी, पवन सिंह, दुर्गेश प्रसाद, संजय सिंह सहित सैकडों की संख्या में डीलर बन्धु मौजूद थे।