दिन दहाड़े साइबर कैफे में हथियार के बल पर लाखों रूपये की सम्पत्ति की लूट!
/// जगत दर्शन न्यूज़
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: स्थानीय दाउदपुर बाजार पर सोमवार की सुबह बाइक सवार चार अपराधियों ने दिन दहाड़े एक साइबर कैफे में घुस कर हथियार के बल पर लूट पाट कर फरार हो गए। घटना सुबह साढ़े आठ बजे के आस-पास की बताई जाती है।
मिली जानकारी के अनुसार दाउदपुर बाजार के सिनेमा रोड में स्थित पुलकित साइबर कैफे संचालक संतोष कुमार सिंह जैसे हीं सुबह में अपना दुकान खोल कर अंदर घुसे तभी पीछे से दो अपराधी भी दुकान में घुस गए और कनपट्टी पर हथियार सटा कर 47 हजार रुपये नगद, लैपटॉप, चार्जर, फिंगर डिवाइस, मोबाइल आदि समान लेकर फरार हो गए। उसके बाद कुछ दूर तक चिल्लाते हुए संचालक ने अपराधियों का पीछा किया तब तक अपराधी बाइक पर सवार होकर छपरा की ओर फरार हो गए। उसके बाद पीड़ित ने इसकी सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दिया।
सूचना मिलते हीं दाउदपुर थानाध्यक्ष बीरेंद्र राम, एसआइ प्रियंका कुमारी के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच-पड़ताल की व अगल- बगल में लगे सीसीटीवी कैमरा को चेक करने के बाद छानबीन कर दी। वही पीड़ित संचालक से घटना की जानकारी ली। संचालक द्वारा बताया कि दाउदपुर के सिनेमा रोड में अपनें मकान में साइबर कैफे सह स्टेशनरी की दुकान चलाते हैं। जहाँ आम लोगों को पैसा का लेन- देन भी करते है। वह प्रति दिन दुमदुमा गांव से आकर सुबह साढ़े आठ बजे दुकान खोलते थे। इसी तरह आज भी दुकान खोल कर काउंटर पर बैग रखे हीं थे कि एक अपाची बाइक पर चार अपराधी पहुंचे, जिनमें से दो अपराधी दुकान के अंदर घुस गए जबकि एक गली में चौथा सड़क पर बाइक के साथ खड़ा था। जब तक हम कुछ समझ पाते तबतक दुकान के अंदर घुसे दो अपराधियों में से एक ने कनपट्टी पर कट्टा सटा दिया और काउंटर पर रखे बैग व मोबाइल लेकर बाइक पर खड़े अपराधी के पास फेक दिया। फिर चारो अपराधी एक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
इस लूट कांड में कैफे संचालक ने बताया कि बैग में रखे 47 हजार नगद, एक लैपटॉप, एक लैपटॉप चार्जर, एक मोबाइल, दो मोबाइल चार्जर, दो फिंगर डिवाइस के साथ एक कीबोर्ड की लूट हुई है। नगद समेत अन्य लूट की समान की अनुमानित कीमत करीब एक लाख तीस हजार रुपये के करीब है। थानाध्यक्ष बीरेंद्र राम ने बताया कि पुलिस घटना की गम्भीरता से तहकीकात कर रही है। अपराधियों के बारे में कुछ अहम सुराग मिले हैं। बहुत जल्द उन्हें दबोच लिया जाएगा।