केके पाठक का नया आदेश! शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को रविवार को भी दफ्तर आना होगा।
/// जगत दर्शन न्यूज़
पटना (बिहार): शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक के रोजाना नये फरमान से शिक्षा विभाग हैरान और परेशान है। बिहार में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए केके पाठक एक्शन में रहते हैं और ताबड़तोड़ फैसले लेते हैं।
इसी क्रम में उन्होंने एक और बड़ा फैसला लिया है, जिसके बाद महकमे में हड़कंप मच गया है।शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक के नये आदेश के मुताबिक अब शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को संडे यानी रविवार को भी दफ्तर आना होगा। रविवार को उनकी छुट्टी नहीं रहेगी। पदाधिकारियों को इस आदेश का पालन करने को कहा गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार को केके पाठक (KK Pathak) ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग की थी। इसमें उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कहा था कि हर संडे को बिहार शिक्षा सेवा की समीक्षा होगी। इसके लिए वे हर रविवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए समीक्षा बैठक से जुड़ेंगे। इस मीटिंग में खुद केके पाठक भी शिरकत करेंगे।
फिलहाल शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक के निर्देश के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारियों ने कार्यक्रम अधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आदेश जारी करना शुरू कर दिया है। कहा जा रहा है कि इस आदेश का पालन नहीं करने पर पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।