असम से गांव के लिए निकला व्यक्ति 8 दिन बाद भी गांव नहीं पहुंचा!
परिजनों में अनहोनी की आशंका!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के मटियार गाँव निवासी स्व मुनिलाल माँझी के पुत्र प्रभुनाथ माँझी असम से निकलने के आठ दिनों बाद तक भी अपने घर नही पहुँच सके हैं और न ही उनके मोबाइल से सम्पर्क हो पा रहा है। परिजन किसी अज्ञात अनहोनी की आशंका से परेशान हैं।
इस संबंध में पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि श्री माँझी पिछले शनिवार को असम के सिंबलगुड़ी स्थित सोनारी बाजार के गंजी पाड़ा से वापस अपने घर आने के लिए डेरा से सामान लेकर निकले थे। शनिवार को असम से लौटते समय वे ट्रेन पर सवार हुए भी कि नही, इस बात जानकारी वहाँ रह रहे लोगों तक को भी नही है। परिजनों ने बताया कि वे असम में रहकर मजदूरी करते थे तथा दीपावली व छठ पर्व के अवसर पर घर आने की परिजनों को सूचना दी थी। वहीं सिवान जिले का मुन्ना पासवान नामक मजदूर उन्हें ईंट भट्ठे पर काम करने के लिए दो माह पूर्व लेकर गया था।
परिजन लगातार उनकी खोजबीन में एक सप्ताह से परेशान हैं। असम के पुलिस को भी उनके अबतक घर नही पहुँच पाने की सूचना दे दी गई हैं। इधर अपने पति की आस में बैठी उनकी पत्नी चम्पा देवी सहित अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया है। परिजनों ने इस सम्बंध में माँझी थाना पुलिस को भी लिखित शिकायत की है।