आंगनबाड़ी में लटका ताला! हड़ताल से बच्चों के पढ़ाई के साथ आवश्यक कार्य भी बाधित!
/// जगत दर्शन न्यूज़
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पाण्डेय: आंगनबाड़ी कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से माँझी प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताला लटका हुआ है और मासूम बच्चों की पढ़ाई के साथ सभी कामकाज ठप है, जिसका खामियाजा मासूम बच्चों और धात्री व गर्भवती महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। केंद्र पर ताला लटका देख बच्चें मायूस होकर घर लौट रहे है।
आंगनबाड़ी केंद्र बंद होने से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ धात्री व गर्भवती महिलाओं को पोषाहार नही मिल रहा है। सेविका व सहायिका के हड़ताल पर चले जाने से सभी कामकाज ठप हो गया है। विगत तीन सप्ताह पूर्व सेविका व सहायिका की हड़ताल पर चले जाने के कारण केंद्र पर ताला लटक रहा है। इससे मासूम बच्चों की पढ़ाई के साथ गर्भवती व धात्री महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली सूखा राशन बंद है। मालूम हो कि छोटे-छोटे बच्चों को प्राथमिक शिक्षा देना आंगनबाड़ी के जिम्मे है, जिसमे छह साल से छोटे बच्चो के आहार और प्राथमिक स्तर पर शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सौपी गई है। मालूम हो कि बिहार आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के आह्वान पर अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर सेविका व सहायिका के हड़ताल पर चले जाने से केंद्र पर स्कूल पूर्व शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों को मिलने वाली पोषाहार बंद होने के साथ आईसीडीएस की ओर से संचालित अन्य महत्वाकांक्षी योजना भी खटाई में पड़ गई है। इससे छोटे बच्चों के पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य जांच सेवा भी प्रभावित हो रही है।