सारण: महाराष्ट्र में युवक का क्रेन हादसे में मौत!
/// जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: महज आठ दिन पहले रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र गए माँझी के एक वेल्डिंग कारीगर की क्रेन हादसे में मौत हो गई। मृतक मांझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर गांव निवासी स्व. ओम प्रकाश पाण्डेय का 28 वर्षीय पुत्र सत्य प्रकाश पाण्डेय बताया जाता है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
एक सप्ताह पहले पटना से गया था महाराष्ट्र!
मिली जानकारी के अनुसार मृतक सत्य प्रकाश पाण्डेय करीब एक सप्ताह पहले पटना से महाराष्ट्र के ठाणे जिले में हो रहे समृद्धि एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए बतौर वेल्डिंग कारीगर के तौर पर काम करने गया था। इसी बीच मंगलवार को वह 15 अन्य मजदूरों के साथ क्रेन हादसे का शिकार गया और उसकी क्रेन से दबकर दर्दनाक मौत हो गई।
परिजन हुए महाराष्ट्र के लिए रवाना!
घटना की खबर मिलने के बाद परिजन महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए है। उधर घर पर मातम का माहौल बना हुआ है। पत्नी रीमा पाण्डेय का रो-रो कर बुरा हाल है। पत्नी की विलाप सुन सबकी आंखे नम हो गई। वही मृतक की मां ज्ञानती देवी की चीख पुकार से पूरा माहौल गमगीन बना हुआ है। मृतक के दो पुत्र है। गौरव कुमार तीन साल का है जबकि एक तीन माह का मासूम पुत्र है। मृतक दो भाई में बड़ा था। जबकि छोटा भाई सोनू पाण्डेय गांव पर ही रहकर घर गृहस्ती के साथ पढ़ाई करता है।
पिता भी हुए थे हादसे का शिकार!
बताया जाता है कि मृतक सत्यप्रकाश के पिता की भी एक वर्ष पूर्व एक हादसे में मौत हो गई थी। आसपास के लोगो ने बताया कि जब से सत्यप्रकाश ने होश संभाला तब से वह परिवार की जिम्मेवारी सम्भाल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के परिवार की माली हालत अच्छी नही है। समाचार लिखे जाने तक मृतक का शव गांव पर नही पहुँच सका है।