रेप व हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने गयी पुलिस पर पथराव!

सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के इनायतपुर ब्रह्मचारी टोला में शुक्रवार की देर रात एक आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर पथराव कर देने का मामला सामने आया है। हालांकि काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोपा थाने में दर्ज एक युवती से रेप व हत्या के पूर्व मामले में पुलिस आरोपी मुकेश महतो को गिरफ्तार करने के लिए गई थी। कोपा, दाउदपुर व एकमा थाना पुलिस संयुक्त रूप से इनायतपुर टोला ब्रह्मचारी में आरोपी के मकान पर छापेमारी करने पहुंची और मकान का दरवाजा जबरन खुलवाना चाहा तो विरोध में पथराव शुरू कर दिया गया। इस क्रम में पुलिस के तीन जवान घायल हो गए। पुलिस की कार्रवाई में आरोपी पक्ष के कुछ लोग घायल बताए जाते हैं। वहीं इस घटना में पुलिस की गाड़ी का सीसा टूट गया।
इस दौरान आरोपी मुकेश महतो पुलिस की गिरफ्तारी से किसी तरह बच निकलने का पूरा प्रयास किया, मगर असफल रहा। कोपा पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने थाने लेकर चली गई।