भाजपा का नीतीश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन!
नीतीश कुमार दें इस्तीफा!: सिग्रीवाल
सारण (बिहार): भागलपुर खगड़िया के बीच गंगा नदी पर बन रहे अगुवानी पुल के दूसरी बार भी गिर जाने पर बीजेपी बार बार हमला करती नजर आ रही है। छपरा में भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और पार्टी के मुख्य सचेतक तरैया विधायक जनक सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका चौक पर नीतीश कुमार का पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं पुतला दहन के पश्चात बीजेपी सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि नीतीश सरकार भ्रष्टाचार में डूब गई है। अब नीतीश कुमार को अविलंब इस्तीफा दे देना चाहिए। बिहार में इतना बड़ा हादसा होने के बाद तो उन्हें गद्दी पर बैठने का कोई अधिकार ही नहीं है। उन्हें स्वत: इस्तीफा दे देना चाहिए। बीजेपी नीतीश सरकार के खिलाफ अब जोरदार आंदोलन करने वाली है।
पार्टी के मुख्य सचेतक तरैया के विधायक जनक सिंह ने भी नीतीश सरकार पर भड़ास निकाली। इस दौरान उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की नैतिकता अब खत्म हो गई है। 17,500 सौ करोड़ रुपये का हिसाब उनको देना पड़ेगा। यह जनता का पैसा है। इसकी जांच सीबीसीआई से होनी चाहिए। नीतीश कुमार जैसे लोगों को जेल में डालना चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह ने भी जोरदार हमला करते हुए कहा कि नीतीश कुमार हताश हैं और भ्रष्टाचारियों के साथ मिलकर बिहार की जनता की गाढ़ी कमाई लूट रहे। ऐसे मुख्यमंत्री को गद्दी पर बैठने का कोई हक नहीं है। नीतीश कुमार को अविलंब इस्तीफा दे देना चाहिए।