पारा 40 के पार! माँझी बना सहारा!
सरयू में स्नान करती दिखी भीड़!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जिले के प्रसिद्ध माँझी रामघाट पर भीषण गर्मी और उमस के बीच, बड़ी संख्या में लोग सरयू नदी में डुबकी लगाने के लिए उमड़ रहे हैं। चिलचिलाती धूप से कुछ राहत पाने के लिए शुक्रवार को जब पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया, तब स्थानीय लोग गर्मी से बचने और खुद को तरोताजा रखने के लिए तरह-तरह के उपाय करने में जुट गए। जिसमे लोगों ने पवित्र सरयू नदी में स्नान कर गर्मी से निजात पाने का उपाय ढूंढ निकाला। लोगों ने कहा कि इस भीषण गर्मी से घर में रहना भी मुश्किल है। बिजली की आंखमिचौनी अलग समस्या है। दोपहर के समय सरयू नदी में स्नान कर रहे लोगों ने यह भी कहा कि नदी में स्नान करने का कुछ अलग ही मजा है।
लोग सौभाग्यशाली मानते हैं कि उनका घर सरयू नदी के किनारे है। हर किसी के लिए यह मुमकिन नहीं है। मालूम हो कि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दो चार दिनों तक तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रह सकता है और बारिश की संभावना भी नही के बराबर है।