अनियंत्रित ट्रक पलटी! दो गायों के साथ एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत!
बैरिया (उत्तरप्रदेश): बलिया से बैरिया की तरफ सीमेंट लेकर जा रहा एक ट्रक आज रविवार की सुबह में अनियंत्रित होकर एक झोपड़ी में सो रहे लोगों को रौदते हुए पलट गई, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी। साथ ही साथ एक गाय व बछड़े की भी मौत हो गयी।
मृत व्यक्ति बैरिया निवासी स्वर्गीय पदुम देव सिंह के 58 वर्षीय पुत्र देव प्रकाश सिंह बताये जाते है। वहीं देव प्रकाश सिंह का 25 वर्षीय पुत्र राहुल ट्रक के नीचे करीब आधे घंटे तक दबा रहा जिसे सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पोकलेन के सहारे बाहर निकाला। गंभीर रूप से जख्मी राहुल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया गया जहाँ अभी वो इलाजरत है। घटना के पश्चात पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा इस घटना से श्रीनगर गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात खाना खाकर कटान पीड़ित देव प्रकाश सिंह का परिवार सो रहा था। तभी अचानक सुबह बलिया की तरफ से तेज रफ्तार से सीमेंट लेकर आ रहे ट्रक जैसे ही शुघर छपरा ढाले से 10 मीटर आगे बढ़ा की अनियंत्रित होकर देव प्रकाश सिंह की झोपड़ी में जा घुसी और पलट गई। इस घटना की जद में आने से झोपड़ी में सो रहे 58 वर्ष देव प्रकाश सिंह की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका 25 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार सिंह ट्रक के नीचे फस गया और दो गायों की मौके पर मौत हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की नींद खुली। लोगों की चीख पुकार सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। पहले तो लोगों ने ट्रक में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। स्थानीय लोगों के द्वारा दी गयी सूचना पर पहुंची बैरिया पुलिस ने ट्रक के नीचे फंसे लोगों को पोकलेन के सहारे बाहर निकाला। देव प्रकाश सिंह की मौत हो चुकी थी वहीं गंभीर रूप से घायल राहुल को स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से जिला अस्पताल भेजवाया गया।
वहीं इस घटना से देव प्रकाश सिंह की पत्नी सुशीला देवी व बेटी रंजना सिंह का रो रो कर बुरा हाल है। देव प्रकाश सिंह किसी तरह गायों की देखभाल अपना परिवार पालते थे। देव प्रकाश सिंह व उनके साथ मवेशियों के मौत के पश्चात पूरा परिवार गमगीन हो गया है। देव प्रकाश सिंह के दो पुत्री है जिनमें बड़ी पुत्री की शादी हो गयी है। छोटी 15 वर्षीय पुत्री रंजना की शादी अभी बाकी है, वही इकलौता पुत्र राहुल मौत से जंग लड़ रहा है।