माँझी में शतचंडी महायज्ञ के लिए निकली कलश-यात्रा!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: माँझी प्रखंड के नंदपुर- धरहरा बाजार स्थित राम-जानकी मंदिर परिसर में ग्यारह दिवसीय शतचंडी महायज्ञ मंगलवार को भव्य कलश-यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। रंग-बिरंगे परिधान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष, युवक-युवतियां व बच्चे सरयू नदी के प्रसिद्ध मांझी रामघाट पर पहुंचे। जहां पर यज्ञाचार्य अमरनाथ तिवारी के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने जलभरी की। उसके बाद सभी श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ जयघोष करते हुए हाथी-घोड़े व गाजे-बाजे के साथ सभी श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर मांझी चट्टी, प्रखण्ड कार्यालय, चौबाह स्थान, गढ़ बाजार, गोढ़ा, होते हुए अनुष्ठान स्थल पर पहुंचे। जहां विधिवत आगे का कार्यक्रम आरंभ हुआ। महंत त्रिभुवन दास, लाल बाबा व पूर्व मुखिया दलन प्रसाद यादव ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रवचन के लिए कई मूर्धन्य संतो व प्रवाचकों को आमंत्रित किया गया है। अनुष्ठान स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा व मनोरंजन के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। महायज्ञ का शुभारंभ होने पर पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया है।