सारण: श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ भव्य कलश-यात्रा के साथ आरंभ!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के भलुआँ खुर्द गांव स्थित राम-जानकी मंदिर परिसर में नौ दिवसीय प्रतिष्ठात्मक श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ शुक्रवार को भव्य कलश-यात्रा के साथ आरंभ हुआ। रंग-बिरंगे परिधान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष, युवक-युवतियां व बच्चे सरयू नदी के डुमाईगढ़ घाट पर पहुंचे। जहां पर वाराणसी से पधारे यज्ञाचार्य पंडित रंजन द्विवेदी व यज्ञाध्यक्ष मानस धुरंधर भगवान दास जी महाराज के मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने जलभरी की। उसके बाद सभी श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ जयघोष करते हुए हाथी-घोड़े व गाजे-बाजे के साथ पंक्तिबद्ध होकर विभिन्न गांवों से होते हुए अनुष्ठान स्थल पर पहुंचे। जिसके बाद विधिवत आगे का कार्यक्रम आरंभ हुआ।
यज्ञाचार्य पंडित द्विवेदी ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रवचन के लिए बनारस काशी की प्रसिद्ध अंतराष्ट्रीय कथा वाचिका ऋचा मिश्रा को आमंत्रित किया गया है। अनुष्ठान स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा व मनोरंजन के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। महायज्ञ का शुभारंभ होने पर पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया है। उधर माँझी के लीलाधर गिरी के मठिया गांव में नव निर्मित शिव मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह सम्पन्न हो गया। यजमान विक्रमा गिरी व विद्यावती देवी के संयोजकत्व में पंडित मार्कण्डेय चौबे ने विधि विधान से से अनुष्ठान संपन्न कराया। इससे पहले गुरुवार को भब्य कलश यात्रा निकली गई जो माँझी के प्रसिद्ध रामघाट से अनुष्ठान स्थल तक निकाली गई। शुक्रवार को आयोजित भंडारा में सैकड़ो लोग शामिल हुए।